भाजपा नेता ने पटवारी-ऑपरेटर को पीटा: ऑफिस में घुसकर लात-डंडे से हमला, VIDEO वायरल

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक भाजपा नेता द्वारा पटवारी और ऑपरेटर से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी ने कार्यालय में घुसकर जमकर उत्पात मचाया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी जितेंद्र कुजूर (मोनू) ने पटवारी प्रकाश मंडल से आरआई का मोबाइल नंबर मांगा। पटवारी ने बताया कि नंबर दीवार पर लिखा है, वहां से देख सकते हैं। इसी बात से नाराज होकर आरोपी भड़क गया और पटवारी की लात-घूंसे से पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए ऑपरेटर को भी उसने नहीं छोड़ा और उसे भी मारपीट का शिकार बनाया।
हमले से बचने के लिए पटवारी बाहर भागे, लेकिन आरोपी ने पीछा कर बाहर भी लात-डंडे से हमला किया। किसी तरह जान बचाकर पटवारी ने कमरे में खुद को बंद किया। घटना के बाद पीड़ित ने इसकी जानकारी पटवारी संघ को दी, जिसके बाद संघ के पदाधिकारी थाने पहुंचे।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की और देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद पटवारी संघ में आक्रोश है। संघ के जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि आरोपी का जुलूस निकालकर कड़ी कार्रवाई की जाए, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि आरोपी जमीन खरीद-बिक्री का काम भी करता है और सोशल मीडिया पर अपनी दबंगई के वीडियो पोस्ट करता रहा है। इस घटना ने प्रशासनिक कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





