ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

खिलौना कार में IED लगाकर हमले की साजिश: 3 राज्यों से 4 संदिग्ध गिरफ्तार, राम मंदिर-संसद थे निशाने पर

दिल्ली। राजधानी में बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी खिलौना कार में IED फिट कर हमले की तैयारी में थे। इनके निशाने पर राम मंदिर, संसद भवन और सैन्य ठिकाने जैसे संवेदनशील स्थान थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोसाइब अहमद, मोहम्मद हम्माद, मोहम्मद सोहेल और शेख इमरान के रूप में हुई है। इनमें दो आरोपी महाराष्ट्र, जबकि एक-एक ओडिशा और बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से IED बनाने से जुड़ा सामान, बॉल बेयरिंग, कील और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए हैं।

जांच में सामने आया है कि शेख इमरान दिसंबर 2025 में दिल्ली आया था और उसने रेड फोर्ट व इंडिया गेट सहित कई अहम स्थानों की रेकी की थी। वहीं अन्य आरोपी रिमोट कंट्रोल खिलौना कार में विस्फोटक लगाने की तैयारी कर रहे थे, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में हमला किया जा सके।

पुलिस के अनुसार आरोपी कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित थे और एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया ग्रुप्स के जरिए जुड़े हुए थे। इन प्लेटफॉर्म्स पर जिहाद और हथियारों से संबंधित सामग्री साझा की जाती थी। साथ ही नए लोगों को जोड़ने और भड़काने की साजिश भी रची जा रही थी।

चारों आरोपी सामान्य पृष्ठभूमि से आते हैं। मोसाइब अहमद खाड़ी देशों में ऑटो इलेक्ट्रीशियन रह चुका है और तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल IED बनाने में कर रहा था। मोहम्मद हम्माद छात्र है, जबकि सोहेल प्लंबर के रूप में काम करता है।

पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल और अन्य डिजिटल डिवाइस जब्त कर लिए हैं। अब इनके नेटवर्क, फंडिंग और संभावित अंतरराज्यीय कनेक्शन की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई है।

Related Articles

Back to top button