ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर देशभर में ठगी: 7693 लोगों से 1.11 करोड़ ऐंठे, 26 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के जरिए देशभर के हजारों लोगों से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपियों ने शादी का झांसा देकर 7,693 लोगों से करीब 1.11 करोड़ रुपए वसूल लिए। पुलिस ने इस मामले में दो मास्टरमाइंड समेत 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के दरोगा पारा स्थित एक लोक सेवा केंद्र ‘निधि परिवहन सुविधा केंद्र’ से जुड़ा है। बाहर से यह केंद्र लाइसेंस और दस्तावेज बनाने का काम करता दिखता था, लेकिन अंदर फर्जीवाड़े का पूरा नेटवर्क चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिलने पर छापा मारा गया, जहां कई युवक-युवतियां कॉल सेंटर और ऑनलाइन ठगी में शामिल पाए गए।

जांच में सामने आया कि गिरोह यूट्यूब चैनल, फर्जी प्रोफाइल और कॉल सेंटर के जरिए लोगों से संपर्क करता था। युवतियों को सामने रखकर लोगों को शादी का प्रस्ताव दिया जाता था। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, मीटिंग फीस और अन्य बहानों से यूपीआई के जरिए पैसे वसूले जाते थे। रकम मिलने के बाद न तो कोई मुलाकात होती थी और न ही कोई सही जानकारी दी जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का मास्टरमाइंड कपिल गर्ग और हिमांशु मेहर हैं, जिन्होंने 2022 से यह नेटवर्क चला रखा था। आरोपियों ने फर्जी जीमेल आईडी, मोबाइल नंबर और एडिटेड दस्तावेजों का इस्तेमाल कर लोगों को भरोसे में लिया। मौके से 55 मोबाइल, 13 लैपटॉप, 2 प्रिंटर और कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले वैध काम करते थे, लेकिन बाद में आईडी निरस्त होने पर ठगी का रास्ता अपनाया। फिलहाल सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button