StateNewsदेश - विदेश

मानसून ने 16 राज्यों को किया कवर, मुंबई में आज दस्तक की संभावना; कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

दिल्ली। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मात्र छह दिनों में मानसून 16 राज्यों तक पहुंच चुका है और अब इसकी अगली दस्तक देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून फिलहाल मुंबई से करीब 150 किलोमीटर दूर है और अगले 48 घंटों में शहर में प्रवेश कर सकता है।

मंगलवार को मानसून ने पश्चिम बंगाल में एंट्री की, जबकि इससे पहले यह केरल, तेलंगाना, त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड सहित कई राज्यों में पहुंच चुका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह तक मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों तक भी पहुंच जाएगा।

मानसूनी हवाओं और प्री-मानसून गतिविधियों के चलते कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए। वहीं कर्नाटक के बेलगावी और बेंगलुरु में भारी बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं और कुछ स्थानों पर वाहन पानी में बहते नजर आए।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले दो दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। वहीं 11 जून को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी आंधी और बारिश की संभावना है।

हालांकि देश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लू की स्थिति बनी हुई है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button