ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

‘SIR से न योगी खुश, न अखिलेश’:भूपेश बघेल

रायपुर। लखनऊ में कांग्रेस ने महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने SIR प्रक्रिया को लेकर कहा कि इससे न मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संतुष्ट हैं और न ही विपक्ष के नेता अखिलेश यादव। बघेल ने कहा, जब सरकार में बैठे लोग ही इससे खुश नहीं हैं, तो इसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

कार्यक्रम में बघेल ने ज्योतिराव फुले के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं की शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किया। उन्होंने बताया कि 1848 में फुले ने देश का पहला महिला स्कूल शुरू किया और अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले को पढ़ाकर पहली महिला शिक्षिका बनाया। उस दौर में जब महिलाओं को शिक्षा से वंचित रखा जाता था, यह एक क्रांतिकारी कदम था।

बघेल ने कहा कि फुले ने सत्यशोधक समाज के माध्यम से सामाजिक शोषण, अंधविश्वास और कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। उनके विचार आज भी समाज में समानता और न्याय की प्रेरणा देते हैं। कांग्रेस इस जयंती को ‘वैज्ञानिक जाति जनगणना दिवस’ के रूप में मना रही है और देशभर में इसे जनआंदोलन बनाने की बात कही गई।

उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जाति जनगणना बिना सही ढांचे के संभव नहीं है। फॉर्म में ओबीसी वर्ग को उचित स्थान नहीं दिया गया है, जो चिंता का विषय है। कार्यक्रम में अन्य नेताओं ने भी फुले की विचारधारा को आगे बढ़ाने और सामाजिक न्याय के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button