अंबिकापुर रेप-मर्डर केस: 7 दिन बाद भी आरोपी फरार, 30 हजार का इनाम घोषित

अंबिकापुर। अंबिकापुर में हुए चर्चित दुष्कर्म और हत्या मामले में घटना के सात दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस बीच पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने कहा है कि आरोपी के बारे में ठोस जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
यह सनसनीखेज घटना 2 अप्रैल को कोतवाली थाना क्षेत्र के सद्भावना चौक, रिंग रोड के पास सामने आई थी, जहां एक महिला का खून से लथपथ शव मिला था। जांच में सामने आया कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार महिला की 12 पसलियां टूटी थीं, फेफड़ा और दिल भी क्षतिग्रस्त था, जबकि सिर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
पुलिस जांच में मृतका की पहचान लखनपुर क्षेत्र की रहने वाली महिला के रूप में हुई है। वह लंबे समय से अंबिकापुर में रह रही थी। मामले में उसके कथित प्रेमी पांडा उर्फ मिथुन पर संदेह जताया गया है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने उसका हुलिया जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और सूचना देने की अपील की है।
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर संभावित पहलू की जांच कर रही है, वहीं फॉरेंसिक रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।
प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि आरोपी से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जा सके।



