ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान

बलौदाबाजार। जिले के कटगी इलाके में सोमवार को भीषण आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। यहां स्थित रमेश ऑटो पार्ट्स की दुकान में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि करीब तीन घंटे तक लगातार धधकती रहीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने के समय दुकान बंद थी। आग ने दुकान में रखे महंगे ऑटो पार्ट्स को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। इसके अलावा, दुकान से लगे कमरे में रखी नगदी रकम भी जलकर खाक हो गई। आग इतनी भीषण थी कि आसपास के लोग पहले तो सहम गए, फिर तुरंत आग बुझाने की कोशिश में जुट गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। इस घटना में करीब 10 से 15 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। कसडोल थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button