StateNewsदेश - विदेश

सिक्किम में बर्फबारी-भूस्खलन से 1500 पर्यटक फंसे, 16 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट; यूपी में बिजली गिरने से 15 की मौत

दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल गया है। पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम में भारी बर्फबारी और भूस्खलन के कारण हालात गंभीर हो गए हैं। मंगन जिले के लाचेन-चुंगथांग रोड पर लैंडस्लाइड होने से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और करीब 1500 पर्यटक फंस गए। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है, वहीं BRO और स्थानीय टीमें रास्ते बहाल करने में जुटी हैं।

इस बीच पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने करवट ली है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी और यमुनोत्री धाम में बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, केलांग और गोंदला में भी भारी हिमपात हुआ। बर्फबारी और ओलावृष्टि से सेब जैसी फसलों को नुकसान पहुंचा है।

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। पिछले 72 घंटे में अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 15 लोगों की मौत हो चुकी है। काशी, गोंडा, सुल्तानपुर और कानपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ।

वहीं राजस्थान में नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने से 14 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक देश के 16 राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का असर बना रहेगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में भी मौसम अस्थिर रहने का अनुमान है।

मौसम के इस अचानक बदलाव ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों के लिए चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों और अन्य फसलों को नुकसान हो रहा है, जिससे आर्थिक असर पड़ने की आशंका है।

Related Articles

Back to top button