StateNewsदेश - विदेश

‘ऑपरेशन विश्वास’: पुलिस ने 320 मोबाइल बरामद कर लौटाए, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

दिल्ली। राजधानी नई दिल्ली में दिल्ली पुलिस ने चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान में करीब 50 लाख रुपये कीमत के 320 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे गए।

शनिवार को डीसीपी कार्यालय परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ये मोबाइल संबंधित लोगों को लौटाए गए। अपने खोए हुए फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पुलिस ने इन मोबाइलों को तकनीकी सर्विलांस और CEIR पोर्टल की मदद से ट्रैक किया।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा की निगरानी में 1 जनवरी 2026 से इस अभियान की शुरुआत हुई थी। इस ऑपरेशन को सफल बनाने में एएसआई दीपक कुमार और उनकी टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने IMEI ट्रैकिंग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और डिजिटल तकनीकों का इस्तेमाल कर मोबाइलों का पता लगाया। केवल CEIR पोर्टल की मदद से ही 75 मोबाइल ट्रैक किए गए।

मोबाइल बरामद करने के लिए दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी छापेमारी की गई। इस अभियान के लिए 13 विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिसमें शाहदरा, जीटीबी एन्क्लेव, सीमापुरी, आनंद विहार और गीता कॉलोनी समेत कई थानों की टीमें शामिल रहीं।

आंकड़ों के अनुसार, बरामद 320 मोबाइल में से 259 गुम हुए थे, 42 चोरी के थे, 13 झपटमारी के मामलों से जुड़े थे और 5 घरों में चोरी से संबंधित थे।

‘ऑपरेशन विश्वास’ के जरिए दिल्ली पुलिस ने न सिर्फ अपराध पर लगाम लगाने का काम किया है, बल्कि आम जनता का भरोसा भी मजबूत किया है।

Related Articles

Back to top button