StateNewsदेश - विदेश

पति ने बीच सड़क पत्नी का गला रेता, फिर SUV से कुचला

दिल्ली। कर्नाटक के कलबुर्गी जिले से रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक व्यक्ति ने सरेआम अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले सड़क पर पत्नी का गला काटा और फिर उस पर कार चढ़ाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस पूरी वारदात के दौरान राहगीर मूकदर्शक बने रहे और कुछ लोग वीडियो बनाते रहे।

तीर्थ यात्रा के दौरान खूनी संघर्ष

पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के बारामती के रहने वाले अक्षय और उसकी पत्नी सान्वी (नाम परिवर्तित) गुरुवार सुबह मारुति सुजुकी अर्टिगा कार से तीर्थ स्थल गनागापुरा जा रहे थे। रास्ते में सुबह करीब 11 बजे बल्लूरगी गांव के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर अक्षय ने पत्नी को चलती गाड़ी से बाहर धकेल दिया।

हंसिए से वार और कार से कुचला

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अक्षय ने बीच सड़क पर सान्वी के बाल पकड़कर उसे बेरहमी से पीटा। जब महिला जान बचाने के लिए चीखती रही, तब आरोपी ने हंसिए से उसका गला रेत दिया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी; इसके बाद वह सान्वी को पास के खेत में ले गया, उसे जमीन पर लिटाया और अपनी SUV उसके ऊपर चढ़ा दी। सान्वी की मौके पर ही मौत हो गई।

चार साल पहले हुई थी शादी

कलबुर्गी के एसपी अड्डुरु श्रीनिवासुलु ने बताया कि दंपत्ति की शादी चार साल पहले हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अक्षय और उसके माता-पिता को हिरासत में ले लिया है। विचलित करने वाली बात यह रही कि जब यह वारदात हो रही थी, तब वहां से कई गाड़ियां गुजरीं और लोग बाइक रोककर तमाशा देखते रहे, लेकिन किसी ने भी महिला को बचाने की कोशिश नहीं की।

Related Articles

Back to top button