ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

संजय पार्क में 15 हिरणों का शिकार, आवारा कुत्तों ने बाड़े में घुसकर मार डाला; डिप्टी रेंजर समेत 4 सस्पेंड

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित संजय पार्क में सुरक्षा की बड़ी चूक सामने आई है।

शुक्रवार (20 मार्च) की आधी रात आवारा कुत्तों का एक झुंड पार्क के टूटे हुए बाड़े से अंदर घुस गया और वहां मौजूद हिरणों पर हमला कर दिया। कुत्तों ने हिरणों को दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से नोंच डाला, जिससे अब तक कुल 15 हिरणों की मौत हो चुकी है।

टूटे तार से घुसे कुत्ते, सोता रहा स्टाफ
पार्क के पिछले हिस्से में बाउंड्री का तार टूटा हुआ था, जिसका फायदा उठाकर जंगली कुत्ते अंदर दाखिल हुए। उन्होंने बाड़े में मौजूद चीतल और कोटरा जैसे बेजुबानों को अपना निशाना बनाया।

शनिवार सुबह जब कर्मचारी पहुंचे, तो वहां का नजारा देख हड़कंप मच गया। 14 हिरणों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक घायल हिरण की मौत रविवार को उपचार के दौरान हो गई।

डिप्टी रेंजर समेत 4 पर गिरी गाज
इस भीषण लापरवाही के सामने आने के बाद वन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सीसीएफ (CCF) दिलराज प्रभाकर ने ड्यूटी पर तैनात डिप्टी रेंजर अशोक सिन्हा और तीन महिला वनपालों (ममता परते, प्रतीमा लकड़ा, बिंदु सिंह) को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

आरोप है कि बाउंड्री वॉल टूटी होने के बावजूद उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना नहीं दी गई। साथ ही, अंबिकापुर रेंजर को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

24 घंटे में मांगी जांच रिपोर्ट
सरगुजा डीएफओ (DFO) अभिषेक जोगावत ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसडीओ फॉरेस्ट के नेतृत्व में टीम गठित कर दी गई है।

सभी मृत हिरणों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उनका विधिवत अंतिम संस्कार कर दिया गया है। फिलहाल पार्क की सुरक्षा बढ़ाने और बाउंड्री को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो।

Related Articles

Back to top button