ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महासमुंद-खल्लारी मंदिर में रोपवे टूटा, 2 ट्रॉली 20 फीट नीचे गिरीं: रायपुर की युवती की मौत, 16 घायल

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया।

चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं की रोपवे ट्रॉली अचानक केबल टूटने से करीब 20 फीट नीचे गिर गई। इस हादसे में रायपुर की रहने वाली एक युवती की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों में 4 की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।

केबल टूटते ही चट्टानों से टकराई ट्रॉली

हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु माता के दर्शन कर रोपवे से नीचे उतर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक मुख्य केबल टूट गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पहाड़ी की चट्टानों से जा टकराई।

इस जोरदार झटके के कारण ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग नीचे जा गिरे। इसी दौरान नीचे से ऊपर जा रही दूसरी ट्रॉली भी संतुलन खोकर नीचे गिर गई।

रायपुर की आयुषी की गई जान

हादसे में जान गंवाने वाली युवती की पहचान रायपुर के राजातालाब निवासी आयुषी धावरे (28 वर्ष) के रूप में हुई है। अन्य घायलों को स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से निजी वाहनों द्वारा तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। कलेक्टर ने मामले की तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि केबल टूटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक पहुँचने के लिए करीब 800 सीढ़ियाँ चढ़नी होती हैं, जिससे बचने के लिए श्रद्धालु रोपवे का उपयोग करते हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि नवरात्रि की भीड़ के बावजूद रोपवे का नियमित मेंटेनेंस नहीं किया गया था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस जानलेवा हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button