ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अफीम तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़, 70 वर्षीय बुजुर्ग गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती के खुलासे के बाद अब पुलिस ने इसके तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस की हालिया कार्रवाई से स्पष्ट हुआ है कि जिले के होटल और ढाबे अफीम की बिक्री के सबसे सुरक्षित ठिकाने बन गए थे।

कुम्हारी में बड़ी कार्रवाई: 14 लाख नकद बरामद

मंगलवार को कुम्हारी थाना क्षेत्र के खारुन ग्रीन कॉलोनी में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर 70 वर्षीय बुजुर्ग गुरमेल सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से पुलिस ने 403 ग्राम अफीम और तस्करी की कमाई के 14 लाख 46 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त किए गए सामान और नकदी की कुल कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

होटल-ढाबों से संचालित हो रहा था नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि तस्करों ने हाईवे पर स्थित ढाबों को अपना केंद्र बना रखा था। बेमेतरा-सिमगा रोड पर ‘श्री रामदेव होटल’ और ‘राजस्थानी हाईवे ढाबा’ में छापा मारकर रणछोड़ राम और सुनील देवासी को गिरफ्तार किया गया।

इनके पास से अफीम डोडा और नकदी बरामद हुई। कबीरधाम के चिल्फी रोड स्थित एक राजस्थानी ढाबे पर कार्रवाई करते हुए संचालक मदरूपा राम विश्नोई को अरेस्ट किया गया।

सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस
दुर्ग पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। समोदा में अफीम की खेती मिलने के बाद अब जिले के अन्य फार्म हाउसों की भी निगरानी की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अफीम की यह खेप स्थानीय स्तर पर तैयार हो रही थी या बाहरी राज्यों से लाई जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि नशे के इस काले कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी सफेदपोश या अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button