अब सिर्फ 12 घंटे में तय होगा दिल्ली से मुंबई का सफर, नए ‘ग्रीन एक्सप्रेसवे’ की जानकारी नितिन गडकरी ने राज्यसभा में दी

दिल्ली। सड़क परिवहन का को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्र ने सूरत और कुरनूल के बीच एक नया ग्रीन एक्सप्रेस हाईवे बनाने का निर्णय लिया है, जिससे दिल्ली और चेन्नई के बीच की दूरी 320 किलोमीटर कम हो जाएगी। इसको लेकर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को राज्यसभा में विस्तृत जानकारी शेयर की है।
दरअसल, राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इस ग्रीन हाईवे के निर्माण के बाद दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा का समय भी घटकर 12 घंटे के भीतर आ जाएगा। बता दें कि वे कोल्हापुर में सड़क बुनियादी ढांचे के विकास से संबंधित सवालों का जवाब दे रहे थे, जहां आए दिन भारी ट्रैफिक और जाम की समस्या रहती है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का काम 80 प्रतिशत तक पूरा
केंद्रीय परिवहन मंत्री ने राज्यसभा में जानकारी दी कि अब केंद्र सरकार ने एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है, मुंबई से दिल्ली तक एक्सप्रेस हाईवे बनाने का काम पहले ही 70-80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि सूरत के बाद, हम एक नया ग्रीन एक्सप्रेस हाईवे बना रहे हैं, जो सूरत से नासिक, अहमदनगर, शोलापुर और कुरनूल तक जाएगा। वहां से यह चेन्नई, कन्याकुमारी, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोचीन को जोड़ेगा। यह उत्तर भारत से दक्षिण भारत के लिए एक नई कनेक्टिविटी है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह दिल्ली और चेन्नई के बीच की दूरी को 320 किमी कम करने जा रहा है, जिससे लागत में कमी आएगी। हाईवे के कारण हम यात्रा का समय भी कम कर देंगे, जिससे मुंबई-दिल्ली का सफर 12 घंटे के भीतर पूरा हो सकेगा।
ट्रैफिक जााम पूरे देश की समस्या
उन्होंने इस बात को भी माना कि पुणे से कोल्हापुर तक एक बहुत ही महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी है, उन्होंने कहा कि ट्रैफिक की समस्या केवल कोल्हापुर या महाराष्ट्र की नहीं है, बल्कि पूरे देश की है। वर्तमान में उत्तर भारत (दिल्ली) से शुरू होने वाला ट्रैफिक सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद से गुजरते हुए मुंबई और फिर पुणे, कोल्हापुर और शोलापुर की ओर जाता है।





