ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सर्राफा व्यापारी बोले– दंतेवाड़ा BJP जिला अध्यक्ष ने घर बुलाकर की मारपीट

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता पर सर्राफा व्यापारी चांडकमल सोनी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। व्यापारी का कहना है कि किराए की रकम मांगने पर भाजपा नेता ने उन्हें अपने घर बुलाकर गाली-गलौज की और मारपीट की। मामले को लेकर गीदम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के दौरान कांग्रेस से जुड़े जनप्रतिनिधि भी थाने पहुंचे।

चांडकमल सोनी गीदम के पुराने बस स्टैंड के सामने स्थित जेआर पैलेस लॉज के संचालक हैं। उन्होंने बताया कि करीब 2–3 साल पहले संतोष गुप्ता ने उनकी इमारत में फर्स्ट फ्लोर पर एक हॉल किराए पर लेकर ‘गणपति रेस्टोरेंट’ शुरू किया था। साथ ही ग्राउंड फ्लोर में एक फास्ट फूड कैफे भी संचालित किया जा रहा है। दोनों का मासिक किराया लगभग 35 से 40 हजार रुपये तय था।

व्यापारी का आरोप है कि भाजपा जिला अध्यक्ष बनने के बाद से संतोष गुप्ता ने करीब 10 महीने से किराया नहीं दिया। बार-बार मांगने पर पद और राजनीतिक प्रभाव का दबाव बनाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संतोष गुप्ता अक्सर लॉज के चौथे फ्लोर पर एक लड़की के साथ जाते थे, जिसका CCTV फुटेज होने का दावा भी किया गया है। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और मानसिक तनाव बढ़ा।

वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि व्यापारी खुद उनके घर आए थे और अभद्र व्यवहार किया। लड़की के साथ जाने के आरोप को भी उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यदि कोई प्रमाण है तो सामने लाया जाए, अन्यथा वे मानहानि का केस दर्ज कराएंगे। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button