सीएम साय ने केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया से की भेंट: छत्तीसगढ़ को मिला प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का गौरव

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित “प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026” के सफल आयोजन और संबंधित तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना पूरे राज्य के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। यह आयोजन राज्य की समृद्ध जनजातीय परंपराओं और खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा।
चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में कुल 7 मुख्य खेलों एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तैराकी की स्पर्धाएँ आयोजित की जाएँगी, जबकि 2 खेल डेमो स्वरूप प्रस्तुत होंगे।
आयोजन के अनुसार सरगुजा संभाग में कुश्ती, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग, रायपुर में हॉकी, फुटबॉल और तैराकी तथा बिलासपुर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएँ होंगी। उद्घाटन समारोह 14 फरवरी 2026 को रायपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री मांडविया को आमंत्रित किया।
केंद्रीय मंत्री मांडविया ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं में खेल प्रतिभा प्रचुर मात्रा में है और इस प्रकार के आयोजन उन्हें नए अवसर प्रदान करेंगे। उन्होंने सभी तैयारियों में केंद्रीय सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि इस आयोजन से आदिवासी क्षेत्रों के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे और छत्तीसगढ़ खेल महाशक्ति के रूप में नई पहचान बनाएगा।
उन्होंने साथ ही ईएसआईसी अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण, खेल आधारभूत ढाँचे के विकास और ऐतिहासिक लेबर कोड के कार्यान्वयन के लिए केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद और बधाई भी दी।



