नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार सरकार में मंत्री और वरिष्ठ नेता नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा संसदीय बोर्ड की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। नितिन नबीन की नियुक्ति को संगठन को मजबूत करने और राज्यों में बेहतर समन्वय के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
नितिन नबीन भाजपा के अनुभवी और जमीन से जुड़े नेताओं में गिने जाते हैं। वह लगातार पांच बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में पटना की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने बांकीपुर सीट से जीत दर्ज कर पांचवीं बार विधानसभा में प्रवेश किया है। बिहार सरकार में मंत्री के रूप में वे कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
भाजपा संगठन में नितिन नबीन की सक्रिय भूमिका लंबे समय से रही है। संगठनात्मक कार्यों में उनकी दक्षता और चुनावी रणनीति की समझ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के साथ-साथ राज्यों में पार्टी की गतिविधियों को गति देंगे।





