StateNewsदेश - विदेश

इंडिगो संकट: आज रात 8 बजे तक रिफंड, CEO को शोकॉज नोटिस; सरकार एक्शन में

दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो पिछले 5 दिनों से गंभीर ऑपरेशनल संकट का सामना कर रही है।

शनिवार को जहां 800 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द हो गईं, वहीं रविवार को भी 350 से अधिक उड़ानें कैंसिल हो चुकी हैं। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबी कतारें, बैगेज गुम होना और अचानक फ्लाइट कैंसिलेशन की वजह से लोग एयरपोर्ट्स पर घंटों से फंसे हुए हैं।

इंडिगो का दावा है कि स्थिति अब काफी हद तक सामान्य हो चुकी है। कंपनी ने कहा कि 95% रूट्स पर संचालन बहाल कर दिया गया है और 138 में से 135 डेस्टिनेशंस को कवर किया जा रहा है। एयरलाइन ने भरोसा दिलाया कि वह यात्रियों के विश्वास को वापस जीतने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

इधर केंद्र सरकार इस मुद्दे पर सख्त हो गई है। DGCA ने एयरलाइन को आदेश दिया है कि 5 से 15 दिसंबर के बीच कैंसिल या रुकी हुई सभी फ्लाइट्स का पूरा रिफंड 7 दिसंबर रात 8 बजे तक यात्रियों के अकाउंट में पहुंच जाना चाहिए।

साथ ही, अगले 48 घंटे में सभी गुम बैगेज ट्रेस कर डिलीवर करने को कहा गया है। DGCA ने इंडिगो के CEO को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है कि इतने बड़े संकट पर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए।

फ्लाइट कैंसिलेशन के बीच एयर किराए में अचानक तेजी आई थी, जिसे रोकने के लिए सरकार ने अधिकतम किराए की सीमा तय कर दी है। 500 किमी तक 7500 रुपए और 1000 किमी तक 12,000 रुपए से ज्यादा किराया नहीं लिया जा सकेगा। बिजनेस क्लास को इससे छूट दी गई है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में लागू किए गए DGCA के नए FDTL (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) नियमों के कारण पायलटों और क्रू मेंबर्स की कमी हो गई, जिससे इंडिगो की फ्लाइट्स संचालन गड़बड़ा गया। हालांकि मानवीय पहलू को ध्यान में रखते हुए सरकार ने फिलहाल इन नियमों में अस्थायी राहत दी है। यात्रियों की परेशानी कम करने और स्थिति को सामान्य करने के लिए सरकार और इंडिगो दोनों लगातार निगरानी में हैं।

Related Articles

Back to top button