MP में शीतलहर तेज, बद्रीनाथ में माइनस तापमान; दिल्ली दुनिया की सबसे प्रदूषित सिटी

दिल्ली। मध्य प्रदेश में लगातार बढ़ती ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पिछले 24 घंटों में भोपाल, इंदौर समेत 12 शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.5°C दर्ज हुआ, जो राज्य में सबसे कम है। जबलपुर में गहरा कोहरा छाया रहा, वहीं इंदौर, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर में शुक्रवार को शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
उधर, उत्तराखंड के बद्रीनाथ में ठंड चरम पर है और तापमान माइनस 6°C से नीचे पहुंच गया है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों तक महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी, जिसके बाद दोबारा बर्फबारी की संभावना है।
इस बीच दिल्ली-NCR में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। गुरुवार को दिल्ली का AQI 506 दर्ज किया गया, जो ‘सीवियर’ श्रेणी में आता है। अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘आईक्यू एयर’ की लाइव रैंकिंग में दिल्ली को दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बताया गया है। कोहरे और स्मॉग के कारण विजिबिलिटी पर भी असर पड़ा है।
देशभर में ठंड और प्रदूषण की इन स्थितियों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जबलपुर में नर्मदा किनारे कोहरे के बीच पूजा करते लोग नजर आए, जबकि गुरुग्राम में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। प्रयागराज में भी ठंडी हवाओं के साथ कोहरा छाया रहा और ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई।





