ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

आईपीएस डॉ. संतोष सिंह की संयुक्त राष्ट्र शांति प्रयासों पर लिखित किताब का प्रकाशन, मुख्यमंत्री साय और डॉ. रमन सिंह को भेंट की प्रति

रायपुर। पुलिस मुख्यालय में पदस्थ डीआईजी सीसीटीएनएस/एससीआरबी आईपीएस डॉ. संतोष सिंह की नई पुस्तक का प्रकाशन दिल्ली के प्रतिष्ठित मानक पब्लिकेशन द्वारा किया गया है। यह पुस्तक संयुक्त राष्ट्र के शांति सुदृढ़ीकरण (Peace Building) विषय पर आधारित है, जिसमें वैश्विक स्तर पर चल रहे शांति मिशनों की नीतियों, सिद्धांतों और उनके वास्तविक क्रियान्वयन का गहन विश्लेषण किया गया है।

डॉ. संतोष सिंह ने अपनी पुस्तक की प्रति मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और डीजीपी अरुण देव गौतम को भेंट की। उन्होंने बताया कि आज की दुनिया में केवल शांति-रक्षा (Peace Keeping) या शांति-स्थापना (Peace Making) से आगे बढ़कर शांति-निर्माण (Peace Building) के ठोस प्रयासों की आवश्यकता है, जिससे हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में स्थायी समाधान स्थापित हो सके।

पुस्तक में संयुक्त राष्ट्र के यूएन पीसबिल्डिंग कमीशन के कार्यों, गृहयुद्धग्रस्त देशों में शांति बहाली की प्रक्रियाओं और भारत जैसे देशों की भूमिका का विस्तृत अध्ययन शामिल है। यह किताब विदेश नीति निर्धारकों, शोधार्थियों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के छात्रों के लिए विशेष रूप से उपयोगी मानी जा रही है।

गौरतलब है कि भारत संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशनों में तीसरे सबसे बड़े योगदानकर्ता देशों में से एक है। 1950 से अब तक भारत ने 49 मिशनों में लगभग 2 लाख शांति सैनिकों का योगदान दिया है। वरिष्ठ भारतीय पुलिस और सैन्य अधिकारी इन अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आए हैं।

डॉ. संतोष सिंह ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग से पीएचडी, जेएनयू से एमफिल (अंतरराष्ट्रीय संबंध) और बीएचयू से एमए (राजनीतिशास्त्र) की डिग्री प्राप्त की है। उनके कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध-पत्र प्रतिष्ठित जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं, जो उन्हें एक विद्वान अधिकारी के रूप में अलग पहचान देते हैं।

Related Articles

Back to top button