अयोध्या में 26 लाख दीयों से जगमगाया सरयू घाट, दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बने

अयोध्या। अयोध्या में रविवार, 19 अक्टूबर को भव्य दीपोत्सव का आयोजन हुआ। यह 9वां दीपोत्सव था, जिसमें दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बने। पहला रिकॉर्ड 56 घाटों पर एक साथ 26 लाख 17 हजार 215 दीप जलाने का रहा, जबकि दूसरा रिकॉर्ड सरयू घाट पर 2128 लोगों द्वारा एक साथ महाआरती करने का बना। यह ऐतिहासिक क्षण पूरी अयोध्या के लिए गौरव का विषय रहा।
ड्रोन तकनीक से दीपों की गिनती की गई, जिसमें 112 ड्रोन लगाए गए। वहीं, 1100 ड्रोन से राम की पैड़ी पर विशेष लेजर और 3डी प्रोजेक्शन लाइट शो प्रस्तुत किया गया, जिसमें प्रभु श्रीराम की छवि बनाई गई। 75 हजार लीटर तेल और 55 लाख रुई की बातियों से दीप सजाए गए।
इस दीपोत्सव में 32 हजार से अधिक लोग शामिल हुए, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी थे। आयोजन की तैयारी पांच दिनों से चल रही थी और करीब दो किलोमीटर तक सरयू घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम के दौरान भव्य आतिशबाजी भी की गई जिसने वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
अयोध्या का यह दीपोत्सव न केवल आध्यात्मिक भव्यता का प्रतीक बना, बल्कि तकनीकी नवाचार और जनभागीदारी का भी अद्भुत संगम रहा। इस आयोजन ने दुनिया को फिर से यह संदेश दिया कि अयोध्या आज भी प्रभु श्रीराम की मर्यादा और संस्कृति का जीवंत प्रतीक है।