PWD में 7 मुख्य अभियंताओं का तबादला: पीएम कश्यप को रायपुर की कमान, ज्ञानेश्वर संभालेंगे राष्ट्रीय राजमार्ग

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) में सात मुख्य अभियंताओं के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के तहत विभागीय कार्यों के संचालन और परियोजनाओं में तेजी लाने का लक्ष्य रखा गया है।
नए आदेश के अनुसार, ए.डी.बी. परियोजनाओं के निदेशक पीएम कश्यप को रायपुर परिक्षेत्र का मुख्य अभियंता नियुक्त किया गया है। वहीं, रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप को राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र का मुख्य अभियंता बनाया गया है। इस बदलाव से राजमार्ग और शहर के भीतर सड़क परियोजनाओं के सुचारू संचालन की उम्मीद जताई जा रही है।
इसके अलावा प्रमुख अभियंता कार्यालय, नवा रायपुर में वास्तुविद, डिजाइन एवं सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ के मुख्य अभियंता आरके रात्रे को बिलासपुर परिक्षेत्र का मुख्य अभियंता बनाया गया है। सरगुजा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता नागेश कुमार जयंत को दुर्ग परिक्षेत्र, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के एम.एल. उरांव को बस्तर परिक्षेत्र और बस्तर परिक्षेत्र के जी.आर. रावटे को प्रमुख अभियंता कार्यालय, नवा रायपुर में वास्तुविद, डिजाइन एवं सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ का दायित्व सौंपा गया है।
इसके अलावा दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता भोलाशंकर बघेल को सरगुजा परिक्षेत्र और बिलासपुर परिक्षेत्र के विजय सिंह कोरम को प्रमुख अभियंता कार्यालय, नवा रायपुर में मुख्य अभियंता (प्रशासन) पदस्थ किया गया है।
लोक निर्माण विभाग के इन व्यापक तबादलों का उद्देश्य परिक्षेत्रों में परियोजनाओं के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है। विभाग ने सभी नए पदस्थ अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने का निर्देश दिया है। नए अधिकारियों के अनुभव और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए विभागीय कार्यों में सुधार और गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।