अबूझमाड़ में बड़ी सफलता: दो इनामी नक्सली ढेर, सीएम बोले 2026 तक नक्सलमुक्त भारत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में निर्णायक पड़ाव साबित होगी। मुख्यमंत्री ने सुरक्षाबलों की बहादुरी को नमन करते हुए विश्वास जताया कि मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त भारत का सपना साकार होगा।
अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात नक्सली मार गिराए गए। दोनों पर 40-40 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल दो नक्सलियों का खात्मा नहीं है, बल्कि यह जीत प्रदेश में शांति और सुरक्षा की स्थापना का संकेत है। इससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी और आदिवासी क्षेत्रों में भरोसे का माहौल बनेगा।
मुख्यमंत्री साय ने सुरक्षाकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी बहादुरी और समर्पण ने ही नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश शांति और विकास की राह पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है और यह सब हमारे जवानों के बलिदान और पराक्रम की ही देन है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद का अंत अब पहले से कहीं अधिक निकट और निश्चित दिख रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में नक्सल प्रभावित क्षेत्र पूरी तरह विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे और छत्तीसगढ़ नक्सलमुक्त भारत की दिशा में एक उदाहरण बनेगा।