ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलेगी 50 लाख की अनुग्रह राशि, परमवीर चक्र विजेताओं को 1 करोड़

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शहीद सैनिकों और वीरता अलंकरण प्राप्त जवानों के परिजनों के लिए बड़ा निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में सम्पन्न 6वीं राज्य सैनिक समिति की बैठक में तय किया गया कि युद्ध तथा सैनिक कार्यवाही में शहीद सैनिकों की पत्नी या आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी जाएगी।

इसी तरह, वीरता अलंकरण प्राप्त जवानों के लिए भी अनुग्रह राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। अब परमवीर चक्र से सम्मानित सैनिक को पहले दी जाने वाली 40 लाख की राशि की जगह 1 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारे सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर करते हैं। उनके बलिदान और शौर्य को सम्मान देना हमारी सरकार का कर्तव्य है।

बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि युद्ध में दिव्यांग हुए सैनिकों की सहायता राशि 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी जाएगी। सैनिकों के माता-पिता को दी जाने वाली जंगी इनाम राशि 5 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये वार्षिक कर दी गई है। साथ ही सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं विधवाओं को पहली बार भूमि या घर क्रय करने पर 25 लाख रुपये तक के स्टाम्प शुल्क में छूट मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की सुरक्षा में हमारे वीर जवान दिन-रात तत्पर रहते हैं। उनका कल्याण करना सरकार की प्राथमिकता है। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सेना एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और राज्य सैनिक समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button