रायपुर में 8 लाख की साइबर ठगी: लोन, रिवॉर्ड पॉइंट और इंश्योरेंस अपडेट के नाम पर ठगे तीन लोग

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से तीन लोगों को निशाना बनाकर करीब 8 लाख रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने लोन दिलाने, क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम कराने और इंश्योरेंस अपडेट के नाम पर लिंक भेजकर लोगों को फंसाया। तीनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला टिकरापारा इलाके का है, जहां प्राइवेट कर्मचारी विशाल गुप्ता ने ऑनलाइन 10 हजार रुपए के लोन के लिए आवेदन किया था। ठगों ने 40 हजार रुपए का लोन मंजूर होने का झांसा देकर उनके मोबाइल में सेंध लगा दी। इसके बाद उनका डेटा हैक कर निजी तस्वीरों को एडिट कर अश्लील बना दिया और वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। इस तरह उनसे करीब 6 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए गए।
दूसरा मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है। यहां सेना में पदस्थ सूबेदार हरिश्चंद्र सिंह को एक महिला ने कॉल कर खुद को बैंक कर्मचारी बताया। उसने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम कराने के नाम पर एक फर्जी वेबसाइट खुलवाई और कार्ड डिटेल भरवाई। जानकारी दर्ज करते ही उनके खाते से 1 लाख 99 हजार 996 रुपए निकल गए।
तीसरे मामले में अमलीडीह निवासी फल कारोबारी जयकुमार वाधवानी को इंश्योरेंस पॉलिसी अपडेट और कंज्यूमर कोर्ट की फर्जी प्रक्रिया का झांसा दिया गया। ठगों ने “फ्रीजिंग कोड” के नाम पर लिंक भेजकर उनके खाते से 55 हजार रुपए उड़ा लिए।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंक या पर्सनल जानकारी साझा करने से बचें। साइबर ठगी के मामलों में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।





