सीएम साय से ग्रैंडमास्टर प्रवीण महादेव थिप्से ने की सौजन्य भेंट

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत के प्रसिद्ध शतरंज खिलाड़ी और ग्रैंडमास्टर प्रवीण महादेव थिप्से ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सीएम साय ने प्रवीण थिप्से की खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए उनकी शानदार उपलब्धियों पर बधाई दी।
प्रवीण महादेव थिप्से शतरंज के क्षेत्र में अपनी अद्वितीय पहचान बना चुके हैं। वह राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं और उन्हें उनके खेल कौशल के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता को प्रेरणास्त्रोत बताते हुए राज्य में शतरंज को और बढ़ावा देने की आवश्यकता की बात की।
इस मुलाकात में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया और संघ के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य में शतरंज के प्रति रुचि को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जाएंगे और ऐसे खिलाड़ियों को हर संभव समर्थन दिया जाएगा जो राज्य और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।