StateNewsदेश - विदेश

पंजाब-हरियाणा में बाढ़, दिल्ली में खतरा, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

दिल्ली। पंजाब में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पौंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान से 14 फीट ऊपर पहुंच चुका है, वहीं भाखड़ा बांध भी लगभग भर चुका है। सुरक्षा के लिए फ्लड गेट खोलने से सतलुज और ब्यास दरिया उफान पर हैं। लुधियाना, रूपनगर और जालंधर समेत कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है, 16,85 गांव प्रभावित हैं और 1.71 लाख हेक्टेयर फसल डूब चुकी है। सेना, वायुसेना और एनडीआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं।

हरियाणा में हथनीकुंड बैराज से छोड़े जा रहे पानी ने यमुनानगर, करनाल और सोनीपत में खतरा बढ़ा दिया है। अंबाला-रुड़की हाईवे पर भी पानी बहने से ट्रैफिक बाधित है। उधर, हिमाचल के कुल्लू में भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत और छह लोग लापता हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर में बारिश थमने के बावजूद झेलम नदी का पानी कई इलाकों में घुस गया है।

दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे से ऊपर बह रहा है। छह जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं, जिससे हजारों लोग बेघर हो गए हैं और 100 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। कई राहत शिविरों में भी पानी घुसने से लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। मौसम विभाग ने आज दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा और झारखंड समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश और बांधों से छोड़े जा रहे पानी के कारण हालात और बिगड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button