AAP नेता सौरभ भारद्वाज के घर ED का छापा: हॉस्पिटल कंस्ट्रक्शन में करप्शन के आरोप

दिल्ली। मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के घर समेत कुल 13 ठिकानों पर छापेमारी की। उन पर दिल्ली में हॉस्पिटल निर्माण परियोजनाओं में भ्रष्टाचार करने का आरोप है।
दिल्ली एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) ने लगभग एक साल पहले स्वास्थ्य ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं की जांच शुरू की थी। इसमें जून 2024 में सौरभ भारद्वाज और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ केस दर्ज किया गया। बाद में यह मामला ED को ट्रांसफर कर दिया गया था और जुलाई में केंद्रीय एजेंसी ने मामला दर्ज किया।
पूर्व सीएम और AAP नेता आतिशी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सौरभ के घर ED की रेड का उद्देश्य देश का ध्यान भटकाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा देश मोदी जी की डिग्री पर सवाल उठा रहा है और AAP नेताओं पर लगे सभी केस झूठे हैं।
भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता की 22 अगस्त 2024 की शिकायत के आधार पर उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने 25 जून 2025 को अस्पताल घोटाले की जांच को मंजूरी दी। शिकायत में सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन पर स्वास्थ्य विभाग में मिलीभगत कर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया गया था। AAP ने इन आरोपों से इनकार किया।
आरोप है कि 2018-19 में 24 अस्पताल परियोजनाओं में ₹5,590 करोड़ खर्च किए जाने थे, जिनमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और देरी हुई। 7 ICU अस्पतालों का निर्माण 1125 करोड़ रुपए में स्वीकृत हुआ, लेकिन 3 साल में केवल 50% कार्य पूरा हुआ। लोकनायक अस्पताल न्यू ब्लॉक के लिए 465.52 करोड़ की लागत से स्वीकृति मिली थी, लेकिन 4 साल में 1125 करोड़ खर्च हो गए। पॉलीक्लिनिक्स परियोजना के लिए 168.52 करोड़ की लागत थी, लेकिन 52 का निर्माण करने पर 220 करोड़ खर्च हुए। यह मामला दिल्ली की स्वास्थ्य परियोजनाओं में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच में एक अहम मोड़ साबित हो सकता है।