ChhattisgarhStateNews

वर्ल्ड एक्सपो 2025: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ पैवेलियन का किया अवलोकन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज ओसाका, जापान में चल रहे वर्ल्ड एक्सपो 2025 के भारत मंडपम में स्थापित छत्तीसगढ़ पैवेलियन पहुंचे।

उन्होंने यहाँ प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और आधुनिक प्रगति को दर्शाती प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उद्घाटन दिवस पर ही पैवेलियन में 22 हजार से अधिक दर्शक पहुंचे और आदिवासी कला, लोकसंगीत, उद्योग और पर्यटन की अनूठी झलक देखकर उत्साहित हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी परंपरा और आधुनिकता के अनूठे संगम के साथ दुनिया के सामने उभर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश केवल सांस्कृतिक धरोहर तक सीमित नहीं है, बल्कि उद्योग, नवाचार और वैश्विक सहयोग में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पैवेलियन में जनजातीय कला, बुनाई, हस्तनिर्मित उत्पाद, हर्बल आइटम्स और प्रमुख पर्यटन स्थलों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। औद्योगिक क्षमता, निवेश अवसर और भविष्य की संभावनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जापान और अन्य देशों से आए आगंतुकों ने बांस उत्पाद, बस्तर आर्ट और लोकसंगीत आधारित प्रस्तुतियों की खूब सराहना की।

मुख्यमंत्री ने मेहमानों से संवाद करते हुए प्रदेश में निवेश और साझेदारी के अवसरों पर चर्चा की और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को छत्तीसगढ़ के साथ जुड़ने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड एक्सपो जैसे वैश्विक मंच पर भागीदारी यह संदेश देती है कि छत्तीसगढ़ भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक साझेदारी का भी मजबूत केंद्र बन सकता है।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न देशों के निवेशकों और प्रतिनिधियों से औद्योगिक विकास, पर्यटन संवर्द्धन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर बातचीत की। छत्तीसगढ़ पैवेलियन की भव्यता और प्रदर्शित सामग्री ने यह दिखाया कि प्रदेश अतीत की सांस्कृतिक धरोहर से समृद्ध होने के साथ-साथ भविष्य का विकास-हब भी है। मुख्यमंत्री श्री साय का यह प्रवास छत्तीसगढ़ को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button