ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

विधानसभा क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण की नई पहल, दो गांवों में महतारी सदन निर्माण को मिली स्वीकृति

रायपुर। राजिम विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक रोहित साहू के निरंतर प्रयासों से ग्राम पंचायत सेम्हरतरा और ग्राम पंचायत रावंड़ में महतारी सदन निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है।

प्रत्येक महतारी सदन पर 30-30 लाख रुपए की लागत आएगी। इस तरह कुल 60 लाख रुपए की लागत से दोनों पंचायतों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त महतारी सदन बनाए जाएंगे। विधायक रोहित साहू ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दोनों पंचायतों के ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि यह महिलाओं के आत्मनिर्भरता और सामाजिक नेतृत्व की दिशा में एक सशक्त कदम है।

यह पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण को लेकर ठोस पहल की गई है। इससे पहले भी छुरा विकासखंड के पाटसिवनी और खड़मा, तथा गरियाबंद विकासखंड के हरदी ग्राम पंचायत में 30-30 लाख रुपए की लागत से महतारी सदनों का सफल निर्माण हो चुका है। इन सभी कार्यों में विधायक रोहित साहू की सक्रिय भूमिका रही है।

ग्राम पंचायत सेम्हरतरा और रावंड़ में महतारी सदन की स्वीकृति की खबर से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं में उत्साह है। उनका कहना है कि अब उन्हें अपने समूह के कामकाज के लिए सुविधाजनक स्थान मिलेगा। विधायक ने अपील की है कि महिलाएं और स्व-सहायता समूह इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करें। सरकार की योजना है कि आने वाले समय में हर पंचायत में महतारी सदन बने, जिससे महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बनें बल्कि सामुदायिक नेतृत्व में भी आगे बढ़ें।

Related Articles

Back to top button