Chhattisgarhछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ को 7 हजार करोड़ की सौगात, केंद्रीय मंत्री आएंगे प्रदेश प्रवास पर

रायपुर/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे से छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात मिली है। साय ने शनिवार को राजधानी लौटते हुए मीडिया को बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी, वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को नक्सल एक्शन प्लान की रिपोर्ट सौंपी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से प्रदेश में सड़कों और पुलों के निर्माण के लिए सहयोग मांगा, जिस पर मंत्री गडकरी ने 7 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात देने का भरोसा दिलाया। जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा होगी।

साय ने केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया से भी मुलाकात की, जिनके द्वारा बस्तर ओलंपिक को “खेलो इंडिया ट्रायबल्स” का दर्जा देने और नवंबर माह में राष्ट्रीय स्तर पर इसका आयोजन कराने की सहमति मिली है। इस आयोजन में देशभर के जनजातीय खिलाड़ी भाग लेंगे, जिससे छत्तीसगढ़ की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और सभी केंद्रीय मंत्रियों को प्रदेश की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले अमृत रजत महोत्सव का न्योता भी दिया। यह महोत्सव 15 अगस्त 2025 से 31 मार्च 2026 तक 25 हफ्तों तक चलेगा। केंद्रीय मंत्रियों ने इस आयोजन में शामिल होने का आश्वासन दिया है। साय के इस दौरे को छत्तीसगढ़ के विकास के लिए अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button