ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का सीएम साय ने किया लोकार्पण, 223 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरबा जिले के प्रवास के दौरान कन्वेंशन सेंटर परिसर में लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का लोकार्पण किया और कन्वेंशन सेंटर को महारानी के नाम पर करने की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने 223.88 करोड़ रुपए की लागत से जिले के 66 विकास कार्यों की सौगात भी दी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर एक न्यायप्रिय, प्रजावत्सल और नारी सशक्तिकरण की अग्रदूत थीं। उन्होंने देशभर के तीर्थ स्थलों का संरक्षण कर उन्हें नई पहचान दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कन्वेंशन सेंटर को वातानुकूलित बनाने और परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत सिंदूर का पौधा लगाने की भी घोषणा की। उन्होंने महारानी की जीवनी पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

उन्होंने बताया कि 6 माह पहले कोरबा प्रवास के दौरान भी उन्होंने 600 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों की सौगात दी थी। आज की घोषणाएं जिले के विकास में और गति लाएंगी। मुख्यमंत्री ने ऐलुमिनियम पार्क स्थापना की दिशा में पहल करने की बात भी कही।

लोकार्पण किए गए प्रमुख कार्यों में जल जीवन मिशन के तहत नल-जल योजनाएं, नए स्वास्थ्य केंद्र भवन, स्वामी आत्मानंद स्कूल भवन, और 47 छात्रावासों में सोलर पावर प्लांट शामिल हैं। भूमि पूजन के अंतर्गत सॉलिड वेस्ट प्रबंधन परियोजना, ई-बस सेवा हेतु डिपो, 100 बेड अस्पताल का विस्तार और जल संरक्षण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने गुजरात से लंदन जा रहे विमान हादसे में मृत यात्रियों के प्रति शोक वेदना भी प्रकट की।

Related Articles

Back to top button