मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर सुकमा नक्सली हमले में घायल जवानों का जाना हाल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रामकृष्ण अस्पताल पहुंचे और सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में नक्सली हमले में घायल हुए सुरक्षा जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जवान से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल के चिकित्सकों से भी चर्चा की और घायल जवानों के उपचार, मेडिकल सुविधा एवं रिकवरी के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जवानों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके इलाज में किसी प्रकार की कोताही न हो।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि घायल जवानों का हौसला देश की सुरक्षा का प्रतीक है और राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने नक्सली हिंसा की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों का मनोबल कमजोर नहीं होने दिया जाएगा और नक्सलवाद के खात्मे तक सरकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और अस्पताल प्रबंधन के वरिष्ठ सदस्य भी उपस्थित रहे।