ChhattisgarhStateNews

पांचों संभागों में यलो अलर्ट जारी, तापमान में 7 डिग्री की गिरावट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री मानसून की सक्रियता ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। भिलाई में सोमवार सुबह से झमाझम बारिश हो रही है। इसी तरह, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के सभी जिलों में बादल छाए हुए हैं और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने सभी संभागों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही बिजली गिरने और आंधी-तूफान की भी चेतावनी दी गई है।

रविवार को भी प्रदेश के अधिकतर इलाकों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.8 डिग्री कम था। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम रहा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, प्री मानसून एक्टिविटी के कारण प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

देश में मानसून ने शनिवार को दस्तक दी है और यह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। संभावना जताई जा रही है कि छत्तीसगढ़ में मानसून 5 जून से पहले ही पहुंच जाएगा। दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौजूद ट्रफ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के कारण आगामी 3-4 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। अंबिकापुर के मैनपाट में भी बारिश के बाद मौसम खुशनुमा हो गया है। वहां सुबह से बादल छाए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

Related Articles

Back to top button