पीएम विजिट से पहले श्रमिको को सौगात, श्रम मंत्री देवांगन ने खाते में डाले 53.43 करोड़

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों की बेहतरी के लिए कई योजनाएं चला रही है। इस दिशा में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने आज नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ भवन में एक लाख 14 हजार 902 श्रमिकों के बैंक खातों में 53 करोड़ 43 लाख 74 हजार 915 रूपए डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर किए।
श्रम मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार में श्रमिकों को योजनाओं का लाभ तेजी से मिल रहा है। विभाग के तीन प्रमुख मंडलों के माध्यम से इन योजनाओं का सफल क्रियान्वयन हो रहा है। पिछले सवा साल में श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत लगभग 500 करोड़ रूपए दिए जा चुके हैं।
मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत श्रमिकों को सहायता राशि भी वितरित की। इन योजनाओं में दीदी-ई रिक्शा सहायता योजना, मिनीमाता महातारी जतन योजना, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, और अन्य कई योजनाओं का समावेश था।
इस अवसर पर श्रम मंत्री ने कुछ श्रमिकों को चेक भी प्रदान किए, जिनमें मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, और मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना शामिल थी। इस कार्यक्रम में सचिव सह श्रमायुक्त श्रीमती अलरमेल मंगई, श्रम विभाग के अन्य अधिकारी और श्रमिक उपस्थित थे।