StateNews

RSS नेता भैयाजी जोशी के बयान पर विवाद, उद्धव ठाकरे बोले देशद्रोह का केस दर्ज हो

मुंबई। RSS के पूर्व सरकार्यवाह भैयाजी जोशी के मराठी भाषा को लेकर दिए गए बयान पर विवाद हो गया है। मुंबई में एक कार्यक्रम में जोशी ने कहा कि मुंबई के अलग-अलग इलाकों की अपनी अलग भाषा है, जैसे घाटकोपर में गुजराती बोली जाती है, इसलिए मुंबई में रहने वालों को मराठी सीखना जरूरी नहीं है।

इस पर शिवसेना (UBT) नेता उद्धव ठाकरे ने जोशी के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की। उनके बेटे आदित्य ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र की भाषा मराठी है, जैसे तमिलनाडु में तमिल और कर्नाटक में कन्नड़ बोली जाती है। उन्होंने भाजपा पर महाराष्ट्र का अपमान करने का आरोप भी लगाया। विवाद बढ़ने के बाद भैयाजी जोशी ने सफाई दी और कहा कि

उनकी टिप्पणी का गलत मतलब निकाला गया। उन्होंने कहा कि मुंबई की भाषा मराठी है और यहां आने वाले सभी लोगों को मराठी सीखनी चाहिए, समझनी चाहिए और पढ़नी चाहिए।

फडणवीस बोले संस्कृति और पहचान का हिस्सा

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र की भाषा मराठी है और यहां रहने वाले लोगों को इसे सीखना चाहिए, क्योंकि मराठी राज्य की संस्कृति और पहचान का हिस्सा है।

कौन हैं भैयाजी जोशी

भैयाजी जोशी RSS के वरिष्ठ प्रचारक रहे हैं। उनका असली नाम सुरेश राव है। वह 1975 में RSS से जुड़े और 2009 से 2021 तक संघ के सरकार्यवाह रहे। इस पद को महासचिव के बराबर माना जाता है। 2021 में स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने यह पद छोड़ दिया था।

Related Articles

Back to top button