Chhattisgarh
गाड़ी की टक्कर से तेंदुआ घायल; डॉक्टरों ने शुरू किया उपचार, अफसर जुटे जांच में

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद कस्बे के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मादा तेंदुआ घायल हो गई। यह घटना गरियाबंद-देवभोग मार्ग पर उर्तुली मोड़ के पास हुई। तेंदुए की उम्र करीब डेढ़ से दो वर्ष बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने सुबह साढ़े पांच बजे वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को वन विश्राम गृह ले गई। अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए के मुंह पर चोट के निशान मिले, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उसे वाहन की टक्कर लगी है।
तेंदुए को इलाज के लिए रायपुर भेजा जा रहा है। घटनास्थल पर पशु चिकित्सक ने उसे दर्द निवारक और एंटीबायोटिक इंजेक्शन दिए। वन विभाग अब उस वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रहा है जिसने तेंदुए को टक्कर मारी। घटना की जांच जारी है।