StateNewsदेश - विदेश

पत्नी समेत ससुराल के 7 लोगों की हत्या, कैब ड्राइवर गिरफ्तार

पार्टी के बहाने सालों को घर बुलाया, सिलबट्टे से वार कर मारा; शव अलग-अलग जगह फेंके, 7 साल के बच्चे की लाश मिली

दिल्ली। कर्नाटक के बेंगलुरु में घरेलू विवाद के चलते एक कैब ड्राइवर पर पत्नी समेत ससुराल के सात लोगों की हत्या का आरोप है। मृतकों में सात साल का बच्चा भी शामिल है। आरोपी की पहचान इंदुशेखर उर्फ शेखर के रूप में हुई है।

पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी ने परिवार के सदस्यों को अलग-अलग बहाने से घर बुलाया और सिलबट्टे से हमला कर उनकी हत्या की। इसके बाद शव कार से ले जाकर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए।

पुलिस के मुताबिक, शेखर की शादी करीब 20 साल पहले सुनीता से हुई थी। दोनों के बीच सुनीता के मायके जाने और परिवार से संपर्क रखने को लेकर अक्सर विवाद होता था। आरोपी को लगता था कि ससुराल वाले उसके वैवाहिक जीवन में दखल देते हैं। इसी नाराजगी में उसने कथित तौर पर पूरे परिवार को खत्म करने की योजना बनाई।

आरोप है कि उसने सबसे पहले पत्नी सुनीता की हत्या की। इसके बाद दोनों सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी के बहाने घर बुलाया और मार डाला। उनकी पत्नियों दिव्या और नलिनी, सास रूपवती और सात साल के पुनीत की भी हत्या कर दी।

गुमशुदगी की शिकायत से खुला मामला

मामले का खुलासा तब हुआ, जब नलिनी की मां ने श्रीरामपुरा थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को शेखर पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसकी कथित संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर से खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया था। वारदात में इस्तेमाल सिलबट्टा और कार जब्त कर ली गई है।

एक शव मिला, छह की तलाश जारी

पुलिस ने नंदी हिल्स के पास सात साल के पुनीत का शव बरामद किया है। बाकी छह शवों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

Related Articles

Back to top button