ढेबर परिवार से 50 करोड़ की फिरौती मांगी: बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी भरा कॉल

रायपुर। रायपुर में ढेबर परिवार को बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। परिवार के एक कर्मचारी को फोन कर 50 करोड़ रुपए की मांग की गई। फोन करने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। बातचीत के दौरान अनवर ढेबर और कांग्रेस नेता एजाज ढेबर का नाम भी लिया गया।
मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंचने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की जानकारी जुटा रही है। कॉल किस स्थान से किया गया और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाल रही पुलिस
पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी के जरिए आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। परिवार के सदस्यों से भी घटना को लेकर जानकारी ली जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फोन करने वाला वास्तव में किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या फिर बिश्नोई गैंग का नाम लेकर डराने की कोशिश की गई।
धमकी में बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल किए जाने के कारण पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। इसके साथ ही व्यक्तिगत रंजिश, कारोबारी विवाद या किसी अन्य कारण से धमकी दिए जाने की आशंका को भी जांच में शामिल किया गया है। रायपुर कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने ढेबर परिवार की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने की पुष्टि की है।





