ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

IED ब्लास्ट में CRPF के 4 जवान घायल, एक की हालत गंभीर; बम निष्क्रिय करते समय हुआ धमाका

सुकमा। जिले में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED को निष्क्रिय करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। IED ब्लास्ट में CRPF 50वीं बटालियन के 4 जवान घायल हो गए हैं। घटना के बाद सभी घायल जवानों को इलाज के लिए कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इनमें से एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, घटना भेज्जी थाना क्षेत्र के येल्लाड़मड़गु कैंप के पास हुई। सुरक्षा बलों की टीम इलाके में सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा लगाया गया IED मिला। बम निरोधक टीम द्वारा IED को निष्क्रिय करने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से चार जवान घायल हो गए।

धमाके के बाद मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने तत्काल घायल जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार किया जा रहा है। एक जवान की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त जवानों को तैनात कर सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है। सुरक्षा बल यह पता लगाने में जुटे हैं कि इलाके में और भी IED तो नहीं लगाए गए हैं।

बस्तर आईजी ने घटना की पुष्टि की है। बताया गया है कि घायल सभी जवान CRPF की 50वीं बटालियन के हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस और CRPF के अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button