रायपुर में 27 करोड़ का GST घोटाला उजागर: फर्जी बिलिंग से सरकारी खजाने को चूना, रोहन तन्ना मास्टरमाइंड

रायपुर। वस्तु एवं सेवा कर खुफिया महानिदेशालय (DGGI) ने राजधानी रायपुर में एक बड़े GST घोटाले का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया है कि फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के जरिए करीब 27.80 करोड़ रुपये का फर्जी लेन-देन किया गया। इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड लोहा कारोबारी रोहन तन्ना को बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, “मेसर्स सृष्टि कंस्ट्रक्शन” नामक फर्म के माध्यम से बिना किसी वास्तविक माल की आपूर्ति के केवल कागजी बिलिंग की गई। इस फर्जीवाड़े के जरिए 17.18 करोड़ रुपये का अवैध ITC खुद लिया गया, जबकि 10.62 करोड़ रुपये अन्य फर्मों को पास कर दिया गया। यह मामला CGST अधिनियम 2017 की धारा 132 के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है, जो संज्ञेय और गैर-जमानती है।

डीजीजीआइ की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस पूरे नेटवर्क में कई फर्जी कंपनियों का इस्तेमाल किया गया। विभाग ने इस मामले में पहले ही चंदन गुप्ता नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

अब जांच की दिशा मुख्य आरोपी रोहन तन्ना की ओर केंद्रित हो गई है। तन्ना पहले भी वर्ष 2021 में करीब 7 करोड़ रुपये की GST चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था। ऐसे में उसकी गिरफ्तारी लगभग तय मानी जा रही है।

विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों और कंपनियों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Exit mobile version