छत्तीसगढ़ChhattisgarhStateNews

लोकतंत्र की पाठशाला बना विधानसभा परिसर: शकुंतला विद्यालय के विद्यार्थियों ने देखी सदन की कार्यवाही, CM साय और स्पीकर डॉ. रमन सिंह से की मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का पावस सत्र मंगलवार को विद्यार्थियों के लिए लोकतंत्र की पाठशाला बन गया। भिलाई स्थित शकुंतला विद्यालय के कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं का दल शैक्षणिक भ्रमण पर विधानसभा पहुंचा। इस दौरान विद्यार्थियों ने दर्शक दीर्घा से सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं तथा विधायी प्रक्रियाओं को करीब से समझा। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से भी मुलाकात की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की आकांक्षाओं को सदन तक पहुंचाने की सतत प्रक्रिया है। विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर चर्चा होती है और प्रदेश के विकास व जनता के कल्याण के लिए कानून और नीतियां बनाई जाती हैं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली समझने, संविधान के प्रति सम्मान विकसित करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रश्नकाल, विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा और संसदीय प्रक्रियाओं को नजदीक से देखा। साथ ही विधानसभा भवन की संरचना, कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त कीं।

विद्यार्थियों ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और अविस्मरणीय बताया। उनका कहना था कि पुस्तकों में पढ़ी गई संसदीय व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से देखने से लोकतंत्र, संविधान और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और विधायक रिकेश सेन भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button