छत्तीसगढ़ में 2.49 करोड़ आयुष्मान कार्ड बने: 91.9% लक्ष्य पूरा, गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 25 लाख तक की मदद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए इलाज का बड़ा सहारा बन रही है। राज्य में शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के तहत अब तक 2 करोड़ 49 लाख 18 हजार 115 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।
यह निर्धारित लक्ष्य 2 करोड़ 71 लाख 11 हजार 762 का 91.9% है। सूरजपुर जिला 97% उपलब्धि के साथ कार्ड बनाने में प्रदेश में पहले स्थान पर है।
राशन कार्ड के आधार पर मिल रहा इलाज
योजना के तहत अंत्योदय और प्राथमिकता राशन कार्डधारी परिवारों को सालाना 5 लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज मिलता है। अन्य पात्र सामान्य राशन कार्डधारी परिवारों को 50 हजार रुपए तक की चिकित्सा सहायता दी जाती है।
सरकारी और पंजीकृत निजी अस्पतालों में इसका लाभ लिया जा सकता है। नियद नेल्ला-नार 2.0 के तहत दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी 93% राशन कार्डधारी हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।
गंभीर बीमारियों के लिए 25 लाख तक सहायता
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत गंभीर और दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए अधिकतम 25 लाख रुपए तक की मदद दी जाती है। जनवरी 2024 से अब तक 3,281 मरीजों के लिए 203.07 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
इनमें कैंसर के 2,476 मामलों में 115.48 करोड़, बोन मैरो ट्रांसप्लांट के 205 मामलों में 27.06 करोड़ और हृदय संबंधी उपचार के 371 मामलों में 17.08 करोड़ रुपए शामिल हैं।
70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को भी कवर
आयुष्मान वय वंदना कार्ड के जरिए 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य कवर मिलता है। प्रदेश में इस श्रेणी के 6 लाख 23 हजार 220 कार्ड बनाए गए हैं। यह लक्ष्य का 71.5% है। बस्तर जिला 89.8% उपलब्धि के साथ पहले स्थान पर है।
घर बैठे भी बनवा सकते हैं कार्ड
हितग्राही आयुष्मान ऐप या beneficiary.nha.gov.in पोर्टल से आधार और राशन कार्ड के जरिए ई-केवाईसी कर कार्ड बना सकते हैं। इसके अलावा चॉइस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और पंजीकृत अस्पतालों में आयुष्मान मित्र की मदद ली जा सकती है। सहायता के लिए 104 और राष्ट्रीय हेल्पलाइन 14555 पर संपर्क किया जा सकता है।





