छत्तीसगढ़ के 16 बाल वैज्ञानिक राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा, 156 प्रोजेक्ट में से हुआ चयन

रायपुर में दो दिन चली राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का समापन; 5 से 8 जनवरी तक नवा रायपुर में होगा राष्ट्रीय आयोजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के 16 बाल वैज्ञानिक राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनका चयन रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में किया गया है। दो दिन तक चली प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए बच्चों ने 156 शोध परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। इनमें वरिष्ठ वर्ग के 10 और कनिष्ठ वर्ग के 6 समूहों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद ने विश्वविद्यालय के सहयोग से 20 और 21 नवंबर को 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के तहत यह आयोजन किया। प्रस्तुत परियोजनाओं का मूल्यांकन विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के 15 विषय विशेषज्ञों ने किया। चयनित समूह 5 से 8 जनवरी 2027 तक नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में होने वाली राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में हिस्सा लेंगे। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भागीदारी के लिए दो बाल वैज्ञानिकों का भी चयन किया गया है।
पांच विषयों पर तैयार किए प्रोजेक्ट
इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ‘सतत विकास के लिए विज्ञान और नवाचार’ रखी गई थी। इसके तहत बच्चों ने अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा संबंधी खोज, जल संचयन एवं संरक्षण, भोजन-कृषि एवं स्वास्थ्य और सतत विकास में भारतीय ज्ञान प्रणालियों के उपयोग जैसे विषयों पर शोध किया।
जिज्ञासा से ही शुरू होती है वैज्ञानिक खोज
समापन समारोह में कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल ने बच्चों को लगातार सवाल पूछने और आसपास की समस्याओं को समझने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक बनने के लिए किताबी ज्ञान के साथ जिज्ञासा और नए दृष्टिकोण से सोचने की क्षमता जरूरी है। परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर ने कहा कि विज्ञान का उद्देश्य समाज की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान खोजना है। फार्मेसी विभाग की निदेशक डॉ. मंजू सिंह ने सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
इन प्रतिभागियों को मिला पुरस्कार
वरिष्ठ वर्ग में बस्तर के प्रखर साहू, कुरुद की नीलिमा यादव, गरियाबंद की तामेश्वरी साहू, मनेन्द्रगढ़ के जितेंद्र विश्वकर्मा और मनीष श्रीवास, पत्थलगांव की इशिका पाल और वैभवी सोनी, दंतेवाड़ा की पल्लवी सिंह, दुर्ग के नवीन देवांगन, सूरजपुर की अनुराधा राजवाड़े और तुलेश्वर ध्रुव, पेंड्रा की प्रतीक्षा कुशवाहा और राजिम के पंकज सोनकर को पुरस्कृत किया गया।
कनिष्ठ वर्ग में बिलासपुर की महिमा, बलौदाबाजार के अर्पण श्रीवास, सरगुजा के नूर मोहम्मद, नारायणपुर के राधेश्याम वेरदा, दुर्ग की संपदा और तृषा पाणिग्रही तथा पखांजुर के पृथ्विश रंजन को सम्मानित किया गया।





