StateNewsदेश - विदेश

स्वतंत्रता दिवस पर 1057 पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को सम्मान: 301 को वीरता पदक, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 197 जवान शामिल

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर केंद्र सरकार ने पुलिस, फायर सर्विस, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और जेल विभाग के 1,057 अधिकारियों और कर्मचारियों को वीरता एवं विशिष्ट सेवा पदक देने की घोषणा की है। इनमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों को उनकी बहादुरी और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।

केंद्र सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार, कुल 301 कर्मियों को गैलेंट्री मेडल (वीरता पदक) प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा 92 कर्मियों को प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस (पीएसएम) और 664 कर्मियों को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस (एमएसएम) से सम्मानित किया जाएगा।

वीरता पदक पाने वाले 301 कर्मियों में 272 पुलिसकर्मी और 29 फायर सर्विस के कर्मचारी शामिल हैं। इनमें सबसे अधिक 197 जवान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात रहे हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के 51, पूर्वोत्तर राज्यों के 12 और देश के अन्य हिस्सों में कार्यरत 41 कर्मियों को भी गैलेंट्री मेडल दिया जाएगा।

गैलेंट्री मेडल उन अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपनी ड्यूटी के दौरान असाधारण साहस का परिचय दिया हो। इसमें लोगों की जान बचाने, अपराधियों को पकड़ने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संपत्ति की सुरक्षा जैसे कार्य शामिल हैं।

सरकार ने 92 कर्मियों को प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस से सम्मानित करने का भी फैसला किया है। इनमें 83 पुलिसकर्मी, 4 फायर सर्विस के कर्मचारी, 3 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड और 2 जेल विभाग के अधिकारी शामिल हैं। यह सम्मान लंबे समय तक उत्कृष्ट और अनुकरणीय सेवा देने वाले कर्मियों को दिया जाता है।

वहीं, 664 अधिकारियों और कर्मचारियों को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 606 पुलिसकर्मी, 28 फायर सर्विस, 18 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड और 12 जेल विभाग के कर्मचारी शामिल हैं।

इसके अलावा केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के 21 अधिकारियों और कर्मचारियों को भी राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 6 अधिकारियों को पीएसएम और 15 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एमएसएम दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button