Uncategorized

महिला की मौत के बाद धर्मांतरित परिवार की समाज में वापसी, हिंदू रीति से अंतिम संस्कार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नवागांव में महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई।

ग्रामीणों और समाज के लोगों ने परिवार के करीब 8 साल से ईसाई मिशनरी से जुड़े होने का दावा करते हुए गांव की परंपराओं से अलग रहने की बात कही।

कई घंटे चली बैठक के बाद परिवार ने समाज के साथ रहने और महिला का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई। इसके बाद मंदिर में पूजा-अर्चना कराई गई और महिला का अंतिम संस्कार हिंदू परंपरा के अनुसार किया गया।

अंतिम संस्कार को लेकर हुआ विवाद

नवागांव निवासी पियन साहू (55) का अचानक निधन हो गया था। वह तलाकशुदा थीं और अपने भाई के साथ रहती थीं। परिवार ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू की, लेकिन ग्रामीणों और समाज के लोगों ने कहा कि अंतिम संस्कार गांव और समाज की परंपरा के अनुसार होना चाहिए।

ग्रामीणों का कहना था कि गांव में किसी की मौत होने पर पूरा समाज अंतिम संस्कार की व्यवस्था में सहयोग करता है। लकड़ी समेत जरूरी सामान जुटाने से लेकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया तक ग्रामीण शामिल होते हैं। परिवार के समाज से अलग रहने के कारण इस बार सहयोग और रीति-रिवाज को लेकर विवाद हुआ।

बैठक के बाद परिवार ने जताई सहमति

मामला बढ़ने पर सरपंच, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष और समाज के प्रमुख लोगों ने परिवार के साथ बैठक की। कई घंटे की बातचीत के बाद परिवार ने हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई। परिवार की ओर से आगे गांव और समाज के कार्यक्रमों में शामिल होने की बात भी कही गई।

पैर धोए, गंगाजल और तुलसी पत्र खिलाया

सहमति के बाद ग्रामीणों और समाज के लोगों ने परिवार को दोबारा समाज में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की। परिवार के सदस्यों के पैर धोए गए। गंगाजल का छिड़काव किया गया और तुलसी पत्र खिलाया गया।

तिलक लगाने के बाद प्रसाद बांटा गया। गांव के मंदिर में पूजा-अर्चना और नारियल फोड़ने की रस्म भी हुई। इसके बाद ग्रामीणों और समाज के लोगों की मौजूदगी में पियन साहू का हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया।

भाई ने बताया- 8 साल से मिशनरी से जुड़े थे

मृतका के भाई उमेश साहू ने बताया कि उनका परिवार करीब 8 साल से ईसाई मिशनरी से जुड़ा हुआ था। अब परिवार ने आगे समाज के साथ रहने और गांव के कार्यक्रमों में शामिल होने की बात कही है। मामला सिहावा थाना क्षेत्र का है।

Related Articles

Back to top button