चोरी के शक में युवकों को जूते की माला पहनाकर घुमाया

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में चोरी के आरोप में दो युवकों को जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दोनों युवक चोरी का सामान उठाए नजर आ रहे हैं। मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के छिंदिया गांव का है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, छिंदिया गांव निवासी धनसाय (35) और मुकेश (25) खेती-किसानी का काम करते हैं। ग्रामीणों ने दोनों पर खेत से समरसिबल पंप चोरी करने का आरोप लगाया।
दावा किया गया कि दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया था। इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने कानून अपने हाथ में लेते हुए दोनों युवकों को जूते-चप्पलों की माला पहनाई और कथित चोरी का सामान उनके हाथ और पीठ पर लादकर पूरे गांव में घुमाया।
इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। पीड़ित युवकों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने कहा कि दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। यदि मारपीट की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। चोरी के आरोपियों के साथ सार्वजनिक रूप से अपमानजनक व्यवहार करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई होगी।
बता दें कि सूरजपुर जिले में एक महीने के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले पस्ता गांव में चोरी के शक में एक युवक का आधा सिर मुंडवाकर, गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसकी पत्नी के साथ गांव में घुमाया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने कानून व्यवस्था और सामाजिक मानसिकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





