कवर्धा। पुलिस की कथित एकतरफा कार्रवाई से नाराज एक युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। मामला ग्राम दशरंगपुर का है, जहां युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार प्रयास कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, टावर पर चढ़े युवक की पहचान मनीष चंद्राकर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ दशरंगपुर चौकी में पहले से FIR दर्ज है। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक के घर में घुसकर मारपीट की थी। इस मामले में उसके दो साथी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना होली के दिन ग्राम खंडसरा में हुई थी, जहां कोटवार के घर में घुसकर उसके बेटे के साथ मारपीट की गई थी। हमले में कोटवार का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने मामले में मारपीट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया था, जिसमें मनीष चंद्राकर को भी आरोपी बनाया गया है।
इसी कार्रवाई से नाराज होकर युवक ने यह कदम उठाया और मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। अधिकारियों द्वारा लगातार समझाइश दी जा रही है, ताकि उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।
फिलहाल स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि युवक की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उसे बिना किसी नुकसान के नीचे लाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
