चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर युवतियों ने की स्टंटबाजी: बिलासपुर हाईवे का VIDEO वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर चलती कार में खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दो युवतियां तेज रफ्तार कार की सनरूफ से बाहर निकलकर मस्ती करती नजर आ रही हैं, जबकि चालक हाईवे पर वाहन को लापरवाही और खतरनाक तरीके से लहराते हुए चला रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 4 से 4:30 बजे के बीच का बताया जा रहा है। वीडियो में CG-10-BE-4400 नंबर की कार रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ती दिखाई दे रही है। इस दौरान दो युवतियां सनरूफ से बाहर निकलकर खड़ी हैं और स्टंट करती नजर आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि पीछे चल रहे किसी वाहन सवार ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में चालक वाहन को बार-बार सड़क पर लहराते हुए चलाता दिखाई दे रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहन में इस तरह की स्टंटबाजी बेहद खतरनाक होती है। अचानक ब्रेक लगने, वाहन के संतुलन बिगड़ने या किसी छोटे झटके की स्थिति में गंभीर हादसा हो सकता है। ऐसे मामलों में जान जाने तक का खतरा बना रहता है।
ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने कहा कि पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और कार में सवार लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद मोटर व्हीकल एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी हाईवे पर चलती BMW कार की सनरूफ खोलकर युवती के डांस करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर कार्रवाई की थी। इसके बावजूद स्टंटबाजी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।





