ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रदेश में विश्व स्तनपान सप्ताह की शुरुआत: जन्म के पहले घंटे में मां का दूध पिलाने पर जोर, स्वास्थ्य विभाग चला रहा जागरूकता अभियान

रायपुर। हर नवजात को स्वस्थ और सुरक्षित जीवन की शुरुआत दिलाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विश्व स्तनपान सप्ताह की शुरुआत हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से सप्ताहभर अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों और गांव-गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और उनके परिजनों को स्तनपान के महत्व और उसके वैज्ञानिक लाभों की जानकारी दी जा रही है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, शिशु के जन्म के पहले एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करना और पहले छह माह तक केवल मां का दूध पिलाना उसके बेहतर शारीरिक और मानसिक विकास की सबसे मजबूत नींव है।

विशेषज्ञ बताते हैं कि मां का पहला गाढ़ा पीला दूध, जिसे कोलोस्ट्रम कहा जाता है, नवजात के लिए प्राकृतिक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। यह शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है, संक्रमण से बचाता है और कुपोषण के खतरे को कम करने में मदद करता है।

चिकित्सकों की सलाह है कि छह माह तक केवल स्तनपान कराने के बाद बच्चे को उम्र के अनुसार ऊपरी आहार शुरू किया जाए, लेकिन दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखा जाना चाहिए।

विशेषज्ञों का कहना है कि स्तनपान केवल शिशु ही नहीं, बल्कि मां के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है। इससे प्रसव के बाद मां का स्वास्थ्य तेजी से सुधरता है, कई गंभीर बीमारियों का जोखिम कम होता है और मां-बच्चे के बीच भावनात्मक जुड़ाव भी मजबूत होता है।

विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में काउंसलिंग, समूह चर्चा, स्वास्थ्य शिक्षा सत्र, प्रश्नोत्तर कार्यक्रम और व्यवहारिक प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं।

डॉक्टर, स्टाफ नर्स, एएनएम, मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता माताओं को सही स्तनपान तकनीक, नवजात की देखभाल और इससे जुड़े भ्रमों का वैज्ञानिक समाधान भी बता रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि स्तनपान को केवल मां की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे परिवार की साझा जिम्मेदारी समझें। परिवार का सहयोग और सही जानकारी ही हर नवजात को स्वस्थ जीवन की मजबूत शुरुआत दे सकती है।

Related Articles

Back to top button